बीकानेर। बिजली के पोल से टकराकर बेकाबू हुई कार की टक्कर से राहगीर की मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद कार पलट गई। कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से ड्राइवर की इलाज के दौरान मौत हो गई। कार में अवैध डोडा पोस्त भरा था। हादसा बीकानेर में नोखा के चरकड़ा गांव के पास नेशनल हाईवे-62 (नागौर से बीकानेर) पर रविवार सुबह करीब 8 बजे हुआ। नोखा थानाधिकारी अरविंद भारद्वाज ने बताया- गाड़ी से 60 किलो अवैध डोडा पोस्त बरामद किया गया है। यह कहां ले जाया जा रहा था, इसकी जांच हो रही है। पुलिस जांच में मृतक (ड्राइवर) के खिलाफ पहले से कोई मामला दर्ज नहीं है। नोखा थाना के SI मोहनराम ने बताया- रविवार सुबह नागौर से नोखा की ओर आ रही इनोवा कार चरकड़ा में बिजली के पोल से टकरा गई।
टक्कर से अनियंत्रित हुई कार ने सड़क किनारे जा रहे चरकड़ा निवासी नारायण सिंह राजपूत (58) को चपेट में ले लिया। नारायण सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। कार में ड्राइवर राजूराम (29) और रामसर निवासी लालचंद गोदारा सवार थे। नारायण को टक्कर मारने के बाद कार सड़क पर पलट गई। राजूराम और लालचंद गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को नोखा जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान राजूराम ने भी दम तोड़ दिया। वहीं, लालचंद का इलाज जारी है।
























