बीकानेर। शहर के जयपुर रोड स्थित महेंद्रा कंपनी शोरुम के सामने गुरुवार को वाहन मालिकों ने का अनूठा विरोध-प्रदर्शन देखने को मिला। लोग अपनी लग्जरी गाडिय़ों में कचरा भरकर कंपनी के बाहर पहुंचे और कई गंभीर आरोप लगाते हुए विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि महेंद्र कंपनी से खरीद गई गाडिय़ों में बार-बार तकनीकी खराबी आ रही है और शोरुम में लाने के बाद लंबे समय तक उन्हें ठीक नहीं किया जाता। साथ ही कर्मचारियों और मैनेजर के व्यवहार को भी उन्होंने खराब बताया है।इस दौरान गाड़ी मालिकों ने यह भी आरोप लगाया कि कंपनी के कुछ कर्मचारी अवैध वसूली कर रही है और ग्राहकों को बेवजह परेशान किया जा रहा है। कुछ पैसा अधिक देने पर गाड़ी तुरंत ठीक कर देने की बात कहते है और जो लोग अवैध रूप से पैसा नहीं देते उनकी गाडिय़ों को पाट्र्स नहीं होने का बहाना कर देरी की जा रही है। प्रदर्शन के माध्यम से गाड़ी मालिकों ने अपनी समस्याओं और नाराजगी को उजागर किया और कंपनी से तत्काल सुधार की मांग की है। साथ ही कंपनी के मालिक से मांग की कि बीकानेर अधिकृत डीलर को हटाया जाए और किसी अन्य डीलर को कंपनी दी जाए, ताकि कंपनी और ग्राहकों को नुकसान नहीं हो। वहीं, कंपनी की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया अभी तक नहीं आई है।























