श्रीकोलायत । कोलायत पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से डोडा-पोस्त व एमडी बरामद की है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक वाहन भी जब्त किया है।
थानाधिकारी जसवीर कुमार ने बताया कि ऑपरेशन नीलकंठ के तहत की गई कार्रवाई में पुलिस ने टीयूवी-300 वाहन को रुकवाकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से करीब 3 किलो 800 ग्राम डोडा पोस्त तथा 4.7 ग्राम एमडी बरामद हुई। पुलिस ने मौके से अशोक उर्फ आशु, रामरतन ब्राह्मण तथा केवलराम को गिरफ्तार किया है। वहीं मादक पदार्थ परिवहन में प्रयुक्त टीयूवी-300 वाहन को भी जब्त कर लिया गया। थानाधिकारी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।





















