बीकानेर। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जैसलमेर कलेक्टर की एसएसओ आईडी हैक कर उसके साथ छेड़छाड़ करने वाले एक शातिर अपराधी को झालावाड़ से गिरफ्तार किया है। आरोपी सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के बजट में सेंधमारी की फिराक में था। अनुसंधान में सामने आया कि आरोपी ने जैसलमेर कलेक्टर की एसएसओ आईडी में अनधिकृत रूप से लॉगिन किया।इसके बाद उसने डीओआईटी बीकानेर को एक फर्जी मेल भेजा, जिसमें कलेक्टर की आईडी के साथ अपना मोबाइल नंबर लिंक करने का आग्रह किया गया था। इस साजिश का मुख्य उद्देश्य पीएम किसान निधि, जनाधार पोर्टल, सोशल सिक्योरिटी पेंशन और आपदा प्रबंधन जैसे पोर्टल्स के जरिए लाभार्थियों को मिलने वाली सहायता राशि को अपने खाते में डायवर्ट करना था।मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अभिषेक शिवहरे ने एएसपी रेवंतदान के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर झालावाड़ के मनोहरथाना इलाके में दबिश दी। वहां से आरोपी को दबोच लिया गया। फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।पुलिस पूछताछ में आरोपी राहुल कुमार तंवर निवासी खाती का पुरा झालावाड़ ने बताया कि वह पहले भी तहसीलदारों और पटवारियों की आईडी हैक कर लाभार्थियों की सूची निकाल चुका है। वह पात्र किसानों के बैंक खातों की जगह अपनी जानकारी फीड कर सरकारी सहायता राशि हड़प लेता था। इस बार उसने राजस्थान के कई कलेक्टर्स की आईडी को निशाना बनाया था ताकि करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी को अंजाम दिया जा सके।





















