बीकानेर,राजकीय ट्रोमा सेंटर, पीबीएम अस्पताल, बीकानेर में मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत 58 वर्षीय महिला मरीज के दोनों घुटनों का जटिल प्रत्यारोपण सफलतापूर्वक किया गया। अस्थि रोग विभागाध्यक्ष डॉ. बीएल खजोटीया ने बताया की महिला मरीज हाइपरथायराइड से पीड़ित थीं, जिसके कारण उनकी हड्डियां कमजोर और खोखली हो गई थीं, साथ ही पैरों में 40 डिग्री का मुड़ाव आ गया था। मरीज को घुटनों में असहनीय दर्द, चलने-फिरने और दैनिक कार्यों में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था।
16 सितंबर 2025 को मरीज ने अस्थिरोग विभागा की ओपीडी में भर्ती करवाया। आवश्यक जांच जैसे एक्स-रे, स्कैनोग्राम, एमआरआई और थायराइड टेस्ट के बाद दोनों घुटनों के एक साथ प्रत्यारोपण का निर्णय लिया गया। डॉ. खजोटिया के नेतृत्व में 19 सितंबर 2025 को यूएसएफडीए द्वारा अनुमोदित इम्पोर्टेड इम्प्लांट का उपयोग कर ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के दौरान हड्डियों की खोखलापन और 40 डिग्री मुड़ाव के कारण जटिलताएं आईं, लेकिन डॉ. खजोटिया के अनुभव और विशेषज्ञता से यह ऑपरेशन सफल रहा।
ऑपरेशन टीम में डॉ. संजय तंवर, डॉ. कृष्ण कुमार कुलदीप, डॉ. मनीष चौधरी, निश्चेतन विभाग से डॉ. लक्ष्मी, डॉ. प्रियंका, डॉ. उत्कर्ष, और नर्सिंग स्टाफ मेघराज व सुनील शामिल थे।
ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति स्थिर है और वे जल्द ही अपनी दैनिक दिनचर्या शुरू कर सकेंगी। दोनों घुटनों का एक साथ ऑपरेशन होने से रिहैबिलिटेशन का समय कम होगा, जिससे मरीज को तेजी से रिकवरी में मदद मिलेगी।

























