श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के गांव तोलियासर की रोही में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसे में किसान के पुत्र की करंट लगने से मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार कितासर भाटीयान निवासी परमेश्वर लाल पुत्र भंवरलाल जाट तोलियासर की रोही में खेत काश्त करता है। शुक्रवार शाम करीब चार बजे उसका 15 वर्षीय पुत्र लालचंद खेत में बने कुंए पर पाइप बदलने के लिए केबल बाहर निकाल रहा था। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गया।
करंट लगने से किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई मोहनलाल ने शव को उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मृतक के पिता की रिपोर्ट पर कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा।






















