बीछवाल थाना क्षेत्र में लालच देकर कृषि भूमि अपने नाम करवाने और भुगतान न करने के साथ-साथ चेक बाउंस होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रार्थीगण ने रिपोर्ट में बताया कि उनकी संयुक्त कृषि भूमि रोही केशरदेसर जाटान, पटवार हल्का केशरदेसर जाटान, तहसील व जिला बीकानेर में स्थित है। यह भूमि खाता संख्या 400, खसरा नंबर 317, कुल 5.2500 हैक्टर सिंचित कृषि भूमि ट्यूबवेल सहित है।
आरोप है कि आरोपीगणों ने हरियाणा सरकार की किसी योजना का लालच देकर छलपूर्वक उक्त भूमि की रजिस्ट्री अपने नाम करवा ली। इसके बदले उन्होंने प्रतिफल राशि नहीं दी और दिए गए चेक भी बाउंस हो गए।
मामले में करामीसर निवासी तुलसीराम पुत्र भंवरी देवी, हजारीराम पुत्र भंवरी देवी, मायाश्री पुत्री भंवरी देवी, सुशीला देवी पुत्री भंवरी देवी ने आरोप लगाया है। आरोपियों में सावित्री देवी पत्नी प्रेम सैनी, प्रेम कुमार सैनी, सांवरमल पुत्र बेगाराम के नाम शामिल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच छैल सिंह को सौंपी है।
























