शनिवार शाम को डूंगर कॉलेज के सामने हुए सड़क हादसे के बाद रविवार को लोगों ने पीबीएम मोर्चरी के सामने धरना लगा दिया। मांग थी कि मृतक व घायलों की आर्थिक व अन्य मदद की जाए। धरने पर कांग्रेस नेता मकसूद अहमद पहुंचे। काफी देर तक धरना जारी रहा, उसके बाद वार्ता के सदर सीओ विशाल जांगिड़ व एसडीएम पहुंचे। जिन्होंने धरनार्थियों के साथ वार्ता की।
मकसूद अहमद ने बताया कि सड़क हादसे में जान गवाने वाले नेक मोहम्मद के परिजन को संविदा पर नौकरी, एक डेयरी बूथ तथा सरकारी योजनाओं के तहत सहायता राशि दिलाने की मांग पर समझौता हुआ। इसके अलावा घायलों को सहायता राहत कोष दिलाने की भी मांग मानी गई। अलग से मृतक व घायलों की आर्थिक सहायता के लिए प्रशासन द्वारा सरकार को पत्र भिजवाने की बात प्रशासन द्वारा की गई।
वार्ता में समझौते के बाद धरनार्थियों ने धरना समाप्त कर दिया। जिसके बाद शव का पोस्टमॉर्टम शुरू करवाया गया। बता दें कि शनिवार की शाम को डूंगर कॉलेज के सामने कैंपर गाड़ी, टैक्सी व एक बाइक में भिड़ंत हो गई थी। हादसे में मोहल्ला व्यापारियान निवासी नेक मोहम्मद की मौत हो गई थी। वहीं एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ था, जो फिलहाल आईसीयू में भर्ती है। इसके अलावा तीन व्यक्ति भी घायल हुए थे।

























