हमारा बीकानेर। श्रीरामसर क्षेत्र के आधे गांव में बीते कई दिनों से गंदे और बदबूदार पानी की आपूर्ति हो रही है, जिससे स्थानीय लोग बेहद परेशान हैं। हालात इतने खराब हैं कि लोगों को पीने और घरेलू कार्यों के लिए बाहर से पानी खरीदना पड़ रहा है। कई परिवार अपने खर्चे पर टैंकर बुलवाकर काम चला रहे हैं।
स्थानीय निवासी मनीष पवांर ने बताया कि पिछले चार से पांच दिनों से नलों में जो पानी आ रहा है, उसमें सीवरेज का पानी मिक्स है। यह पानी पीने तो दूर, नहाने या बर्तन धोने के लिए भी लायक नहीं है। गांव के कई लोगों, खासकर बच्चों में उल्टी-दस्त जैसी बीमारियों के लक्षण दिखने लगे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक कोई स्थाई समाधान नहीं निकला है। लोगों ने जलदाय विभाग से जल्द से जल्द शुद्ध पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है, ताकि स्वास्थ्य पर मंडरा रहा खतरा टल सके।
जनहित से जुड़ा यह मुद्दा प्रशासन की तत्काल कार्रवाई की मांग करता है।
























