बीकानेर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक सिरफिरे युवक ने एक मोटरसाइकिल को आग के हवाले कर दिया और मौके से फरार हो गया। अचानक हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और बड़ी अनहोनी से बचाव किया।घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के रामदेव कटले के पास की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक नशे की हालत में था और अचानक उसने अपनी मोटरसाइकिल पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।देखते ही देखते लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास मौजूद लोग घबरा गए। लोगों ने अपनी सूझबूझ से आग बुझाने की कोशिश की और तुरंत पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और जली हुई मोटरसाइकिल को थाने ले गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी युवक की तलाश में जुटी है।स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी युवक अक्सर नशे की हालत में इलाके में घूमता रहता है और पहले भी कई बार हंगामा कर चुका है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने ऐसा कदम नशे में उठाया या किसी अन्य वजह से।
























