बीछवाल थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। हादसा बिछाल बाईपास पर स्थित बीकाणा रिसोर्ट के पास हुआ।
लाखुसर निवासी राजूराम पुत्र तेजाराम जाट ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह अपने परिजनों के साथ दो नवंबर की शाम करीब सात से आठ बजे के बीच स्कॉर्पियो गाड़ी RJO7 UB 1619 से लाखुसर जा रहे थे। तभी बीकाणा रिसोर्ट के पास वाहन चालक मोतीराम पुत्र लिखमाराम ने लापरवाही से गाड़ी चलाई, जिससे स्कॉर्पियो पलट गई।
हादसे में गाड़ी में सवार ओमप्रकाश, घनश्याम, सीमा, पाना देवी और गोगा देवी को चोटें आईं, जबकि राजूराम की माता शारदा देवी पत्नी तेजाराम गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां दौरान इलाज उनकी मौत हो गई। पुलिस ने चालक मोतीराम के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






















