ट्रेन में आर्मी जवान की हत्या के मामले में मंगलवार को जीआरपी पुलिस बीकानेर ने शव का पोस्टमॉर्टम करवा और शव अंतिम संस्कार हेतु परिजनों को सौंपा गया। इससे पहले गुजरात से मृतक जिगर कुमार चौधरी के परिजन बीकानेर पहुंचे। परिजनों ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि हत्यारे को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। साथ ही यह भी कहा कि इस हत्याकांड में कुछ और लोग भी शामिल है, क्योंकि अकेला आरोपी मार नहीं सकता है, जवान जिगर कुमार इतना कमजोर नहीं था कि उसे कोई अकेला आदमी मार दे, ऐसे में पुलिस को प्रकरण में गहनता से जांच करनी चाहिए।
वहीं, जीआरपी इंचार्ज आनंद गिल ने बताया कि फड़ बाजार बीकानेर निवासी आरोपी जुबेर मेमन (30) पुत्र युनूस मेमन को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने इस हत्याकांड को अंजाम दिया। पुलिस का मानना है कि आरोपी को जवान जिगर कुमार का चदर की बात को लेकर विवाद हुआ और यह विवाद बढ़ता गया, जिसमें आरोपी ने जिगर कुमार पर चाकू से वार कर दिए, जिससे मौत हो गई। पुलिस के अनुसार आरोपी ट्रेन में कोच अटेंडेंट के रूप में कार्यरत था, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है और कोर्ट में पेश कर रिमाण्ड पर लेकर गहनता से पूछताछ की जाएगी।
यह था मामला
बीकानेर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को एक चलती ट्रेन में युवक की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार ट्रेन नंबर 19224 में ड्यूटी पर तैनात टीटीई देवकिशन सारण निवासी करमीसर, जिला बीकानेर ने जीआरपी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि लूणकरनसर स्टेशन से ट्रेन निकलने के कुछ देर बाद पेंट्री मैनेजर ने सूचना दी कि कोच एस-3 में दो यात्री आपस में झगड़ रहे है। टीटीई मौके पर पहुंचे तो कोच एस-2 में एक यात्री लहूलुहान अवस्था में अचेत पड़ा मिला। इसकी सूचना तुरंत कंट्रोल रूम को दी गई और बीकानेर पहुंचने पर मेडिकल सहायता की मांग की गई। लेकिन बीकानेर रेलवे स्टेशन पर पहुंचने पर डॉक्टरों ने यात्री को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। रिपोर्ट पर धारा 103 (1) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।
मामले की गंभीरता को देख विशेष टीमों का किया गठन
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस रेलवेज राजस्थान, जयपुर सुष्मित बिश्वास तथा पुलिस अधीक्षक जीआरपी जोधपुर सतनाम सिंह ने विशेष टीमों का गठन कर घटना की वैज्ञानिक जांच व साक्ष्य संकलन के निर्देश दिए।
जीआरपी थाना मेड़तारोड़ की टीम ने रनिंग ट्रेन में घटनास्थल को सुरक्षित रखकर एफएसएल यूनिट जोधपुर को मौके पर बुलाया। टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। साथ ही बीकानेर जीआरपी एवं आरपीएफ टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने जुबेर मेमन पुत्र युनूस मेमन (उम्र 30 वर्ष, निवासी पठानों का मोहल्ला, फड़ बाजार, थाना कोटगेट, बीकानेर), जो कि ट्रेन में कोच अटेंडेंट के रूप में कार्यरत था, को गिरफ्तार किया है। उससे गहन पूछताछ जारी है।






















