बीकानेर।शहर में राजकीय कर्मचारियों के लिए आयोजित की जा रही गवर्नमेंट एम्प्लॉयी प्रीमियम क्रिकेट लीग (GEPL 2.0) के पोस्टर का विमोचन आज जिला पुलिस अधीक्षक श्री कावेंद्र सागर द्वारा किया गया।
पोस्टर विमोचन समारोह में आयोजन समिति के पदाधिकारी एवं विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर GEPL 2.0 के संयोजक राहुल आचार्य ने जानकारी देते हुए बताया कि बीकानेर में यह टूर्नामेंट दूसरी बार आयोजित किया जा रहा है। गत वर्ष प्रतियोगिता को मिले उत्साहजनक प्रतिसाद के बाद इस वर्ष इसे और अधिक व्यवस्थित एवं भव्य रूप प्रदान किया गया है। प्रतियोगिता में विभिन्न विभागों की कुल 14 टीमें भाग लेंगी। टूर्नामेंट का शुभारंभ 14 फरवरी 2026 को होगा। मुकाबले लीग एवं नॉकआउट चरणों में खेले जाएंगे, जिससे खिलाड़ियों में प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ खेल भावना का भी विकास होगा।
इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक श्री कावेंद्र सागर ने कहा कि इस प्रकार के खेल आयोजन कर्मचारियों के लिए अत्यंत लाभकारी होते हैं। इससे आपसी समन्वय, टीम भावना एवं सकारात्मक ऊर्जा का विकास होता है। उन्होंने कहा कि नियमित कार्य के साथ ऐसे खेल आयोजनों से मानसिक तनाव कम होता है तथा शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर रहता है।
संयोजक राहुल आचार्य ने बताया कि GEPL 2.0 को लेकर कर्मचारियों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है और आयोजन को सफल बनाने हेतु तैयारियां जोरों पर हैं। यह टूर्नामेंट कर्मचारियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ-साथ विभिन्न विभागों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंधों को भी मजबूत करेगा।
पोस्टर विमोचन के अवसर पर पूनमचंद बिश्नोई, अनिल पंवार, मोहम्मद सलीम, निर्मल रत्नू, अभिनव गोस्वामी, भंवर व्यास, दीन दयाल, गिरीश सोनी, यूसुफ अली, पवन नागल एवं देवेंद्र राजपुरोहित सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।



















