बीकानेर। परिचित होने का गलत फायदा उठाते हुए बंधक बनाने और लाखों की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। इस सम्बंध में नोखा पुलिस थाने में पीडित लालूराम ने मुकदमा दर्ज करवाया है।परिवादी ने बताया कि अंजू नाम की युवती उसके परिचित थी। 14 नवंबर को अंजू ने मोबाइल कर उसे फोन किया और उससे 6 हजार रूपए मांगे। परिवादी ने देने से मना कर दिया तो अंजू नाम की महिला लगातार फोन करती रही। अगले दिन अंजू ने फिर फोन कर जेगला ढाणी से नोखा छोडने के लिए कहा। उसकी बहन संजू ने भी फोन पर भरोसा दिलाया। पीडित मोटरसाइकिल से जेगला ढाणी पहुंचा, जहां अंजू ने उसे कमरे में बैठने को कहा।
पीडित के अनुसार, ढाणी के पीछे से अंजू का पति मांगीलाल अचानक आया और गालियां देते हुए उसे अंदर कमरे में ले गया। दोनों ने मिलकर पीडित को बंधक बनाते हुए पांच लाख रुपये की मांग की, कपड़े उतरवाकर झूठा वीडियो बनाने का प्रयास किया और बलात्कार के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
आरोपियों ने पीडित का मोबाइल छीनकर उसके भाई शिवलाल को कॉल कर 50 हजार रुपये भेजने को कहा और मांगीलाल के नाम का स्कैनर भेजा। भाई ने विरोध करते हुए रकम नहीं भेजी और नोखा थाने जाकर सूचना दी।
पीडित को मांगीलाल मोटरसाइकिल पर मान्याणा लेकर आया, जहां पुलिस और उसका भाई पहुंच गए। पुलिस वाहन देखते ही मांगीलाल मोबाइल लौटाकर फरार हो गया। रात को पीडित थाने पहुंचा, लेकिन आरोपियों ने समझौते का दबाव बनाकर उसे रोक दिया। बाद में लगातार झूठे मुकदमे की धमकी मिलने पर पीडित ने पुनः शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।























