बीकानेर । मुख्यमंत्री शिक्षित राजस्थान अभियान के तहत “मौखिक प्रवाह पठन (ओआरएफ)’ में बीज, अंकुरण, पुष्पन एवं फलन वर्ग के छात्रों के बौद्धिक स्तर की जांच एवं संबलन के उद्देश्य से प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय बीकानेर के सहायक निदेशक श्रवण कुमार जाणी ने पी.एम. श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आमेठा (ब्लॉक अकलेरा) का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान 31 में से 25 कार्मिक उपस्थित पाए गए, वहीं 596 में से केवल 225 छात्र ही उपस्थित थे। हिंदी विषय में मौखिक प्रवाह पठन के परीक्षण में अधिकांश छात्रों का स्तर संतोषजनक पाया गया। कई छात्रों ने सरल हिंदी वाचन किया तथा कुछ छात्रों की गृह कार्य पुस्तिकाएं जांची हुई मिलीं।
मिड-डे मील योजनातर्गत छात्र संख्या एवं विभागीय मीनू में विसंगतियां पाई गईं। इस पर सहायक निदेशक ने सीबीईओ अकलेरा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विद्यालय के कार्मिक उपस्थिति रजिस्टर, छात्र उपस्थिति रजिस्टर, पुस्तकालय रजिस्टर, कार्यपुस्तिका वितरण रजिस्टर, शिक्षक दैनंदिनी, नामांकन वृद्धि, स्वच्छता एवं पोषाहार सहित विभिन्न अभिलेखों का अवलोकन किया।
इसके बाद उन्होंने झालरापाटन ब्लॉक स्थित राउप्रावि गादिया कुण्ड का निरीक्षण किया, जहां 7 में से केवल 3 कार्मिक उपस्थित मिले। वहीं 92 छात्रों में से 67 छात्र उपस्थित थे। कक्षा 3 से 8 तक के अधिकांश छात्रों ने हिंदी की पुस्तक का पठन किया।
सहायक निदेशक जाणी ने दोनों विद्यालयों के संस्था प्रधानों को शैक्षिक एवं भौतिक स्तर में सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान कर संबलन दिया। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी बालचंद कारपेंटर भी उपस्थित रहे।























