बीकानेर। खान सुरक्षा को लेकर जागरूकता और सुरक्षित कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित 39वें खान सुरक्षा सप्ताह 2025-26 का भव्य समापन समारोह 16 दिसंबर को बीकानेर स्थित श्री गणेशम रिसॉर्ट में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन खान सुरक्षा महानिदेशालय (DGMS), उत्तर-पश्चिम जोन उदयपुर के मार्गदर्शन में अजमेर क्षेत्र-1 व 2 के तत्वावधान में किया गया, जिसकी मेजबानी एनएलसी इंडिया लिमिटेड की बरसिंहसर लिग्नाइट खान द्वारा की गई।
समारोह की अध्यक्षता खान सुरक्षा महानिदेशालय, उत्तर-पश्चिम जोन (उदयपुर) के उपमहानिदेशक श्री आर.टी. मांढ़ेकर एवं एनएलसी इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री प्रसन्नाकुमार मोटुपल्ली ने की। इस अवसर पर श्री सुरेश चंद्र सुमन (निदेशक – खनन) एवं श्री समीर स्वरूप (निदेशक – मानव संसाधन) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने खनन क्षेत्र में “शून्य दुर्घटना लक्ष्य (Zero Harm)” को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सुरक्षा मानकों के सख्त अनुपालन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सुरक्षित खनन कार्य न केवल श्रमिकों के जीवन की रक्षा करता है, बल्कि उद्योग की सतत प्रगति का भी आधार है।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. आई. सत्यनारायण (निदेशक, खान सुरक्षा, अजमेर क्षेत्र-1) ने खान सुरक्षा सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी साझा की। इस दौरान मंचासीन अतिथियों द्वारा सेफ्टी कैलेंडर एवं स्मारिका (सोविनियर) का विमोचन किया गया तथा खान सुरक्षा सप्ताह में संपन्न गतिविधियों पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया।
500 से अधिक खदानों का हुआ गहन निरीक्षण
खान सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत 17 से 23 नवंबर तक गठित 16 निरीक्षण दलों द्वारा अजमेर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली संगठित एवं असंगठित क्षेत्रों की 500 से अधिक खदानों का गहन निरीक्षण किया गया। इनमें लिग्नाइट, मार्बल, जिंक, ग्रेनाइट, कॉपर, सैंडस्टोन, जिप्सम, लाइमस्टोन, सिलिका सैंड, ऑयल एवं गैस सहित विभिन्न खनिज क्षेत्रों की खदानें शामिल रहीं। निरीक्षण के दौरान श्रमिकों को सेफ्टी किट वितरित कर खान सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
इसके साथ ही प्राथमिक उपचार (First Aid), अग्निशमन एवं अन्य सुरक्षा प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें खदान प्रबंधन एवं श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को किया गया सम्मानित
समापन समारोह में विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट सुरक्षा मानकों का पालन करने वाली खदानों, उनके प्रबंधकों एवं श्रमिकों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही, सुरक्षा उपकरणों व नवाचारों से जुड़े एक्ज़ीबिशन स्टॉल्स का उद्घाटन कर प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया गया।
प्रमुख उपस्थिति
कार्यक्रम में खान सुरक्षा महानिदेशालय, उदयपुर जोन के खान सुरक्षा निदेशक श्री जे.पी. वर्मा, श्री रघु मेरुगू, श्री संदीप श्रीवास्तव, श्री प्रकाश कुमार, उप निदेशक श्री संकेत कुमार, सह-संयोजक श्री रजनीश सीगड़ एवं श्री दिनेश मीणा, खान सुरक्षा सप्ताह के अध्यक्ष व एनएलसी इंडिया लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक श्री एस. विजयकुमार, सह-अध्यक्ष श्री सुनील सचान (मंगलम सीमेंट), सचिव श्री शंभु बांधेकर सहित क्षेत्र की विभिन्न खदानों के मालिक, एजेंट एवं बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।
अतिथियों ने खनन क्षेत्र में सुरक्षा संस्कृति को मजबूत करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए इसे उद्योग के लिए एक सकारात्मक और प्रेरणादायक पहल बताया।

























