बीकानेर के होनहार क्रिकेटर नितेश पुरोहित ने जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। नितेश का चयन विजय हजारे ट्रॉफी के लिए गठित राजस्थान सीनियर टीम के संभावित खिलाड़ियों की सूची में किया गया है। यह उपलब्धि न केवल नितेश के लिए, बल्कि पूरे बीकानेर क्रिकेट जगत के लिए गर्व का विषय है।
इस सफलता पर नितेश पुरोहित ने इसका श्रेय अपने माता-पिता के साथ-साथ अपने कोच सुरेन्द्र पुरोहित, महेंद्र पुरोहित, राजकुमार जोशी और प्रकाश चुरा को दिया। उन्होंने कहा कि इन सभी के मार्गदर्शन, मेहनत और निरंतर सहयोग के बिना यह संभव नहीं हो पाता।
इसके अलावा नितेश ने जिला क्रिकेट सचिव रतन सिंह जी का भी आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग और प्रोत्साहन से उन्हें आगे बढ़ने के अवसर मिले।
नितेश के संभावित सूची में चयन की खबर के बाद बीकानेर के खेल प्रेमियों, क्रिकेट संघ से जुड़े पदाधिकारियों और खिलाड़ियों में खुशी की लहर है। सभी को उम्मीद है कि नितेश अपने प्रदर्शन से अंतिम टीम में जगह बनाकर राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे और प्रदेश को गौरवान्वित करेंगे।
























