सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के अंतर्गत बेसिक पीजी कॉलेज में बाल वाहिनी चालकों हेतु रोड सेफ्टी सेमिनार, स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर आयोजित
राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 11 दिसंबर से 25 दिसंबर तक आयोजित सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के अंतर्गत दिनांक 19 दिसंबर 2025 को बेसिक पीजी कॉलेज, धर्म नगर द्वार में बाल वाहिनी (स्कूल वाहन) चालकों के लिए रोड सेफ्टी सेमिनार, स्वास्थ्य जांच एवं नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बीकानेर के विभिन्न विद्यालयों के बाल वाहिनी चालकों ने भाग लेकर प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती माता की पूजा-अर्चना के साथ किया गया। कार्यक्रम में प्रादेशिक परिवहन अधिकारी अनिल पंड्या एवं DTO संजीव चौधरी उपस्थित रहे। बेसिक पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुरेश पुरोहित ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए बाल वाहिनी चालकों को समाज की महत्वपूर्ण कड़ी बताया तथा नियमों के पूर्ण पालन का संकल्प दिलाया
प्रादेशिक परिवहन अधिकारी अनिल पंड्या ने ऑडियो-विजुअल तकनीक के माध्यम से सभी बाल वाहिनी चालकों को सड़क सुरक्षा पर प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बाल वाहिनी संचालन के नियमों, वाहन चलाते समय बरती जाने वाली सावधानियों तथा बच्चों की सुरक्षा से जुड़े विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने चालकों को सीटिंग क्षमता से अधिक बच्चों को वाहन में न बैठाने, यातायात नियमों का पूर्ण पालन करने एवं सुरक्षित व जिम्मेदार वाहन संचालन के लिए प्रेरित किया। अनिल पंड्या ने सड़क सुरक्षा के 6E मॉडल — Education, Engineering (Roads एवं Vehicles), Enforcement, Emergency Care, Evaluation एवं Engagement के बारे में भी विशेष जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान CMHO कार्यालय से डॉ. प्रवण व्यास के नेतृत्व में चिकित्सा टीम द्वारा बाल वाहिनी चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें ब्लड प्रेशर, शुगर सहित अन्य जांचें की गईं। वहीं ASG अस्पताल से कपिल चौहान के नेतृत्व में टीम द्वारा चालकों की नेत्र संबंधी जांच की गई।
कार्यक्रम में सहायक प्रोग्रामर ज्योति स्वामी द्वारा मंच संचालन किया गया। इस अवसर पर सांख्यिकी निरीक्षक सुमित अग्रवाल, सहायक प्रोग्रामर राहुल आचार्य एवं दुर्गा शंकर पंवार भी उपस्थित रहे। शिविर की फोटोग्राफी एवं वीडियो रिकॉर्डिंग कॉलेज की छात्रा चंचल पंवार द्वारा की गई।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट विचार व्यक्त करने वाले बाल वाहिनी चालकों को प्रादेशिक परिवहन अधिकारी अनिल पंड्या द्वारा सम्मानित किया गया। साथ ही CMHO टीम एवं ASG अस्पताल की टीम का विशेष आभार व्यक्त करते हुए उन्हें भी सम्मानित किया गया। कॉलेज प्रशासन द्वारा RTO अनिल पंड्या एवं उनकी टीम को विशेष स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में कॉलेज के सचिव डॉ. अमित व्यास ने प्रादेशिक परिवहन अधिकारी अनिल पंड्या एवं उनकी पूरी टीम का विशेष धन्यवाद प्रेषित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम अत्यंत सराहनीय हैं, जो सीधे आमजन के बीच जाकर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाते हैं। डॉ. अमित व्यास ने विशेष रूप से RTO अनिल पंड्या का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बीकानेर जैसे जिले में ऐसे संवेदनशील, सक्रिय एवं जनहितकारी अधिकारियों की विशेष आवश्यकता है, जो स्वयं मैदान में उतरकर आमजन को सड़क सुरक्षा के महत्व से अवगत कराते हैं तथा समाज को सुरक्षित दिशा देने का संकल्प रखते हैं। कॉलेज के सचिव डॉ. अमित व्यास ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं चालकों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई।
























