बीकानेर।पीबीएम के बच्चा अस्पताल में मरीजों द्वारा डॉक्टर के साथ पिटाई करने की खबर सामने आयी है। घटना शुक्रवार देर रात को बच्चा अस्पताल की है। जहां पर मरीज को बेड़ नहीं मिलने से गुस्साएं परिजनों ने रेजीडेंट डॉक्टर की पिटाई कर दी और फाइल लेकर चले गए। जैसे ही इसकी सूचना रेजीडेंट डॉक्टरों को लगी तो उन्होने विरोध जताया।
दरअसल मुक्ता प्रसाद के चार लोग 13 साल की बच्ची को लेकर इमरजेंसी में आए थे। ड्यूटी पर तैनात रेजिडेंट डॉक्टर विकास ने बच्ची को देखा और भर्ती कर लिया। वार्ड में सभी 40 बेड भरे हुए थे। ज्यादातर बेड पर दो-दो बच्चों को लिटा रखा था। परिजनों ने अलग बेड की मांग की, जिस पर डॉक्टर ने असमर्थता जाहिर कर दी। इस बात को लेकर गर्मा-गर्मी हो गई। परिजनों का कहना था कि जब बेड खाली ही नहीं है तो मरीज को भर्ती क्यों किया। डॉक्टर ने समझाने का प्रयास किया तो बात मारपीट तक जा पहुंची।
आरोप है कि एक महिला ने डॉक्टर पर हाथ उठाया और कॉलर तक पकड़ ली। दोनों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। वार्ड में अफरा-तफरी मच गई। वार्ड में भर्ती अन्य बीमार बच्चे और उनके परिजन दहशत में आ गए। स्टाफ के अन्य लोगों को आते देख बच्ची को लेकर चले गए। डॉक्टरों का कहना है कि वे महिला रेजिडेंट डॉक्टर के हाथ से मरीज की मेडिकल फाइल भी छीन ले गए। डॉक्टरों ने घटना की सूचना देर रात पुलिस चौकी पर दे दी। शनिवार सुबह अतिरिक्त प्राचार्य डॉ. रेखा आचार्य को ज्ञापन सौंपकर सुरक्षा के इंतजाम करने सहित आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है। उन्होंने एसपी ऑफिस में भी ज्ञापन दिया है।
























