बीकानेर। पुलिस थाना जसरासर की टीम ने वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए सरकारी विद्यालयों से विद्यार्थियों के पोषाहार हेतु प्राप्त दूध पाउडर के पैकेट चोरी करने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार 25 नवंबर को परिवादी द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि राजकीय विद्यालय जोगणिया बाला थावरिया व ग्राम मुन्दड के कुल चार विद्यालयों में रात्रि के समय अज्ञात व्यक्तियों द्वारा दूध पाउडर के पैकेट चोरी कर ले जाए गए। जिस पर प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।
पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज हेमन्त शर्मा, जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर कावेन्द्र सिंह सागर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारी लाल मीणा तथा वृत्ताधिकारी नोखा जरनैल सिंह के निर्देशानुसार थाना प्रभारी निरीक्षक आलोकसिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी विश्लेषण, सूचना संकेत एवं निरंतर प्रयासों के बाद चोरी का पर्दाफाश किया।
























