बीकानेर। शहर के जेएनवीसी थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के जेवरात और 50 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। पुलिस के अनुसार रामदेव मंदिर के पास, पुरानी शिवबाड़ी निवासी बबलू तेजी पुत्र भंवरलाल तेजी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। परिवादी ने बताया कि 17 जून की रात करीब 2:30 बजे अज्ञात चोर उनके घर में घुस आए। रिपोर्ट के अनुसार चोरों ने मकान के ताले तोड़कर घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा 50 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए और मौके से फरार हो गए। चोरी की जानकारी मिलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। जेएनवीसी थाना पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305ए एवं 331(4) के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण की जांच एएसआई विनोद कुमार को सौंपी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।





















