बीकानेर। ‘भगवान महेश के वंशज’ कहे जाने वाले महेश्वरी समाज के गौरवशाली इतिहास, राष्ट्रहित में किए गए कार्यों और उनकी अटूट सेवा भावना को रेखांकित करता एक विशेष गीत तैयार किया गया है। इस गौरवमयी गीत को बीकानेर के ऊर्जावान युवा साथी और गायक शेखर पेड़ीवाल ने अपनी सुमधुर आवाज दी है। शेखर पेड़ीवाल द्वारा गाए गए इस गीत के माध्यम से समाज द्वारा राजा-महाराजाओं के काल से लेकर आज तक, देश पर आई हर विपदा में निभाए गए उत्तरदायित्व को बहुत ही जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया है।
केंद्रीय गृह मंत्री के शब्दों से प्रेरणा
युवा गायक शेखर पेड़ीवाल की आवाज में सजे इस गीत में गत वर्ष आयोजित महेश्वरी अधिवेशन में केंद्रीय गृह मंत्री आदरणीय अमित शाह जी द्वारा समाज की प्रशंसा में कहे गए उन ऐतिहासिक शब्दों को भी शामिल किया गया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि “महेश्वरी एकमात्र ऐसा समाज है जो हर समय दानदाताओं के रूप में राजा-महाराजाओं के समय से लेकर आज तक देश के साथ खड़ा रहा है। कोरोना जैसी भयंकर महामारी हो या अन्य कोई भी संकट, महेश्वरी समाज के सेठों ने हमेशा दिल खोलकर देश को धन व संसाधन समर्पित किए हैं।”
युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा यह गीत
समाज के प्रबुद्ध जनों का कहना है कि बीकानेर के युवा साथी शेखर पेड़ीवाल की आवाज में तैयार यह गीत केवल एक रचना नहीं, बल्कि महेश्वरी समाज के त्याग, तपस्या और देशप्रेम का एक जीवंत दस्तावेज है। यह गीत जब भी गूंजेगा, समाज के युवाओं को परोपकार, समाजोपयोगी कार्यों और राष्ट्रहित के मार्ग पर चलने की निरंतर प्रेरणा देता रहेगा।





















