बीकानेर। महाजन कस्बे में लगातार हो रही बारिश के कारण वार्ड संख्या 3 में गुरुवार देर रात एक कच्चे मकान के दो कमरे भरभराकर ढह गए। हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य बाहर सो रहे थे। जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि घर में रखा राशन, कपड़े और अन्य घरेलू सामान मलबे में दबकर खराब हो गया।शुक्रवार सुबह मिलीजानकारी के अनुसार वार्ड 3 निवासी अमरचंद बोहरा का मकान कच्चा होने के कारण पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश में काफी कमजोर हो गया था। गुरुवार को घर के सभी सदस्य बाहर सो रहे थे। देर रात अचानक तेज धमाके के साथ मकान के दो कमरे गिर पड़े। तेज आवाज सुनकर परिजनों में अफरा-तफरी मच गई।वहीं आसपास के लोग भी तुरंत मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मलबा हटाकर उसमें दबे घरेलू सामान को बाहर निकाला।
देर रात तक ग्रामीण राहत कार्य में जुटे रहे। हादसे में किसी के हताहत नहीं होने से सभी ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने बताया कि कमरों में खाने-पीने का राशन, कपड़े तथा अन्य आवश्यक सामान रखा हुआ था,।जो मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके का सर्वे कर पीडि़त परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।




















