राजस्थान में गुरुवार (25 जून) को प्री-मानसून की बारिश का दौर जारी रहा। जयपुर, अजमेर, कोटा, भरतपुर, बीकानेर संभाग के कुछ एरिया में दोपहर बाद आंधी चली, फिर बारिश हुई। जयपुर में गुरुवार को एक घंटे में 2 इंच बरसात हुई। इससे सड़कें लबालब हो गईं। आंधी से कई पेड़ गिर गए। पेड़ गिरने से उनके नीचे बाइक और कई गाड़ियां भी दब गईं। नागौर, भीलवाड़ा, जोधपुर, कोटा के भी कुछ इलाकों में 20 से 35MM तक बरसात हुई। मौसम विभाग ने 26 जून (आज) को भी 27 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक बारिश का दौर जारी रहने और आगामी 4-5 दिन में मानसून के प्रवेश करने की संभावना है।
मौसम विभाग ने दिया दो सप्ताह का पूर्वानुमान
(26 जून-2 जुलाई): पूर्वी राजस्थानः कोटा, उदयपुर, भरतपुर और जयपुर संभाग के हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा।
पश्चिमी राजस्थानः कहीं-कहीं मेघगर्जन और बौछारें संभव हैं लेकिन भारी वर्षा के संकेत नहीं। 50 से 60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना।
(3 से 9 जुलाई): पूर्वी राजस्थान: कोटा, बारां, झालावाड़, बूंदी तथा उदयपुर संभाग में वर्षा गतिविधियां बढ़ने के संकेत।
पश्चिमी राजस्थानः अधिकांश भागों में वर्षा का वितरण सीमित रहने की संभावना है।





















