बीकानेर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत खाजूवाला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्मैक सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5.98 ग्राम स्मैक और तस्करी में प्रयुक्त एक टीवीएस मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार आरोपी विष्णु पुत्र शंकरलाल मेघवाल को खाजूवाला स्टेडियम के पास से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 5.98 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। इसके बाद आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
यह कार्रवाई खाजूवाला वृत्ताधिकारी आकांक्षा के सुपरविजन तथा थानाधिकारी सुरेंद्र प्रजापत के निर्देशन में की गई। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ऑपरेशन नीलकंठ के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है और नशा तस्करों व सप्लायरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
मामले की आगे की जांच दंतौर थानाधिकारी को सौंपी गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर स्मैक के सप्लाई नेटवर्क और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।





















