बीकानेर।शहर की अग्रणी सामाजिक संस्था द्वारकाधीश सेवा समिति, नत्थूसर बास मालियों का मोहल्ला द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी वार्षिक सम्मान समारोह एवं स्नेह भोज का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम आज, रविवार 3 अगस्त 2025 को शाम 6 बजे सारण पेट्रोल पंप के सामने, गजनेर रोड, बीकानेर स्थित स्थल पर आयोजित होगा।
समिति के अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि यह आयोजन बाबा रामदेव पैदल यात्रियों की सेवा के पावन उद्देश्य से किया जा रहा है। समिति हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी यात्रियों के लिए निःशुल्क भण्डारा और सेवा शिविर का आयोजन करेगी। इस अवसर पर गत वर्ष हुए सेवा कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया जाएगा तथा आगामी वर्ष के सेवा कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
आयोजन में समिति के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं सदस्यों का सम्मान भी किया जाएगा। इसके साथ ही समाजहित में सक्रिय सहयोग करने वाले गणमान्यजनों को भी सम्मानित करने की योजना है।
द्वारकाधीश सेवा समिति ने शहरवासियों, समाजसेवियों व श्रद्धालुओं से इस अवसर पर सपरिवार उपस्थित होकर आयोजन की शोभा बढ़ाने और अपने अमूल्य सुझावों से समिति के कार्यों को और अधिक सार्थक बनाने की अपील की है।

























