बीकानेर|श्री नवलेश्वर मठ सिद्ध पीठ श्री विवेक नाथ जी बगेची के अधिष्ठाता श्री श्री 108 योगी शिवसत्यनाथ जी महाराज के पावन सान्निध्य में गणेश चतुर्थी के पावन अवसर से भगवान श्री गणेश जी की स्थापित प्रतिमा का विशेष पंचामृत अभिषेक, पूजन-अर्चना कर गणेश महोत्सव का शुभारंभ किया गया। यह धार्मिक अनुष्ठान अब प्रतिदिन भक्तों की सहभागिता के साथ अनंत चौदस तक (10 दिन) चलेगा।
पूज्य श्री श्री 108 योगी शिव सत्यनाथ जी महाराज के पावन सानिध्य में हुए इस शुभ अवसर पर भक्तों ने सामूहिक रूप से “ॐ गं गणपतये नमः” मंत्र का जाप किया,जिससे संपूर्ण वातावरण दिव्यता और भक्ति से परिपूर्ण हो उठा।
पूजन स्थल को आकर्षक पुष्प सज्जा और रोशनी से सजाया गया है। प्रत्येक दिन विशेष आरती, भजन-कीर्तन, प्रसाद वितरण एवं विविध धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
इस अवसर पर श्रद्धालुओ ने आयोजन में भाग लेकर अपनी आस्था व्यक्त की।
श्री नवलेश्वर मठ के सेवादार नन्दकिशोर गहलोत ने बताया कि यह आयोजन श्रद्धालु भक्तों के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा, सामूहिक सद्भाव और सकारात्मकता का संचार करेगा।


























