बीकानेर, श्री राम कला मंदिर संस्थान एवं बीकानेर रोटरी क्लब रॉयल्स के संयुक्त तत्वावधान में नगर सेठ लक्ष्मीनाथ मंदिर परिषद रामलीला मैदान में मंगलवार को भव्य थम पूजन एवं रामलीला पोस्टर विमोचन समारोह का आयोजन किया गया। पूरे परिसर में मंत्रोच्चारण, शंखध्वनि और गगनभेदी ‘जय श्रीराम’ के नारों से वातावरण भक्तिभाव से परिपूर्ण हो उठा। इस अवसर पर बीकानेर पश्चिम विधायक श्री जेठानंद व्यास, आरएसएस विभाग प्रचारक श्री टेकचंद बरडिया, पूर्व जिला अध्यक्ष श्री सत्यप्रकाश आचार्य, पूर्व महामंत्री श्री मोहन सुराणा सहित श्री पंकज गहलोत, विजय नरसिम्हा व्यास, किशन ओझा, बजरंग आचार्य, आशु अग्रवाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम में हिन्दू जागरण मंच के महानगर संयोजक श्री कैलाश भार्गव विशिष्ट अतिथि रहे।
संस्थान अध्यक्ष श्री गिरिराज जोशी ने बताया कि इस वर्ष का रामलीला महोत्सव 22 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि धर्म, सत्य और संस्कारों का संदेश समाज में जीवंत रूप में प्रस्तुत करेगा। उन्होंने सभी नगरवासियों एवं भक्तजनों से आह्वान किया कि वे अपने परिवार और मित्रों के साथ इस भव्य आयोजन में सम्मिलित होकर रामभक्ति का अनुभव करें। वहीं संस्थान संरक्षक श्री गोपाल अग्रवाल ने कहा कि रामलीला महोत्सव न केवल भक्ति और संस्कृति का उत्सव है बल्कि यह समाज में नैतिक एवं धार्मिक मूल्यों को प्रोत्साहित करने का माध्यम भी है।
रामलीला महोत्सव की प्रमुख विशेषताओं में प्रतिदिन श्रीराम के जीवन प्रसंगों का मंचन, पारंपरिक वेशभूषा और सजावट, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और भजन संध्या शामिल रहेंगी। श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन स्थल की भी विशेष व्यवस्था की गई है।
संस्थान की ओर से सभी नगरवासियों, भक्तजनों और रामभक्तों से ससम्मान अनुरोध किया गया है कि वे इस भव्य आयोजन में अपने परिवार और मित्रों सहित उपस्थित होकर रामकथा का आनंद लें और श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें।

























