बीकानेर। नगर निगम के वार्ड नंबर 78 के कसाईबारी क्षेत्र में नाली निर्माण कार्य की खानापूर्ति विवाद का विषय बन गई है। नगर नगर निगम की ओर से कराए जा रहे निर्माण कार्य में घौर अनियमितताएं सामने आई हैं। मौके पर ठेकेदार की ओर से घटिया मैटेरियल इस्तेमाल किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद नगर निगम के अभियंता मिलकर इस मामले में कार्रवाई से बच रहे हैं। मोहल्लेवासियों ने शिकायत की है कि निर्माण कार्य में कोई सुधार नहीं हुआ है। हैरानी की बात तो ये है कि लोगों ने नगर निगम की कनिष्ठ अभियंता सुमन सारण को मौके पर बुलाकार घटिया निर्माण दिखा चुके है। इसके बावजूद ठेकेदार की ओर से मौके पर घटिया निमार्ण बदस्तूर जारी है। लोगों ने बताया कि नाली और सडक़ बनाने में सीमेंट कम और बजरी अधिक प्रयोग में ली जारही है, ‘दो नंबर’ की ईंटें लगाई जा रही हैं, जो कमजोर हैं और जल्दी टूट सकती हैं। इस मैटेरियल से नाली और सडक़ का निर्माण किया गया, तो यह कुछ ही दिनों में टूट जाएगी लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि निर्माण कार्य की जांच नहीं कराई गई, तो वे सडक़ पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। इस मामले को लेकर निर्माण कार्य का टेंडर नगर निगम ने कयूम एस.के. कंस्ट्रशन कपनी को दिया गया है, जिसके खिलाफ घटिया निर्माण कार्यो की शिकायतों का रिकॉर्ड दर्ज है।

























