, बीकानेर।पीबीएम अस्पताल में संविदाकर्मियों के साथ हो रहे कथित शोषण को लेकर आज कांग्रेस नेता अरुण व्यास के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन हुआ। व्यास सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता और कर्मचारी नेता एसएसबी ब्लॉक पहुंचे तथा अधीक्षक डॉ. संजीव बुरी का घेराव कर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
व्यास ने आरोप लगाया कि संविदा ठेके की फर्म नियमों के विपरीत काम कर रही है। कई महीनों से कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला है, तय मानदेय में कटौती की जा रही है और पीएफ ईएसआई की राशि भी जमा नहीं की जा रही। उन्होंने बताया कि जब कर्मचारी अपनी समस्याएं उठाते हैं तो उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी तक दी जाती है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 48 घंटों के भीतर वेतन और सभी बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया तो एसपी मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल का घेराव किया जाएगा।
व्यास ने ठेका फर्म की निविदा शर्तों की कॉपी और फर्म के अधीन कार्यरत संविदाकर्मियों की पूरी सूची उपलब्ध करवाने की मांग की। उनका कहना है कि इन प्रक्रियाओं में भी बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार की आशंका है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि मांगे जल्द पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। आज के घेराव में समाजसेवी रूपकिशोर व्यास, वसीम रज़ा, मनीष, मणिशंकर, रवि मेघवाल, रमीज़ राजा सहित अनेक संविदाकर्मी मौजूद रहे।























