आज महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय के विधि विभाग और डॉ. भीमराव अंबेडकर सेंटर फॉर मार्जिनलाइज्ड सोसाइटीज द्वारा आयोजित महापरिनिर्वाण दिवस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय परिसर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा का अनावरण माननीय केंद्रीय विधि मंत्री श्री अर्जुनराम जी मेघवाल एवं विश्वविद्यालय के कुलगुरु आचार्य मनोज दीक्षित के कर कमलों से संपन्न हुआ।
प्रतिमा अनावरण समारोह के मुख्य अतिथि अर्जुनराम मेघवाल ने अपने सम्बोधन में बाबा साहब के जीवन से विभिन्न उदाहरणों को देते हुए उनके समग्र जीवन पर प्रकाश डाला। श्री मेघवाल ने बाबा साहब द्वारा सिरोही महाराजा को दी गई विधिक सहायता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी के अनछूए पहलुओं से अवगत कराया। मेघवाल ने इस अवसर पर ब्रिटिश सरकार द्वारा आयोजित प्रथम गोलमेज सम्मेलन में बाबा साहब एवं महाराजा गंगा सिंह द्वारा भारत की ओर से प्रतिनिधित्व करने की जानकारी साझा की। उन्होंने विद्यार्थियों को डॉ. अंबेडकर के विद्यार्थी जीवन के संघर्षो से प्रेरणा लेने हेतु प्रेरित किया तथा बाबासाहब के आदर्शो और विचारों को आत्मसात् करने की बात कही।
कुलगुरु आचार्य मनोज दीक्षित ने अपने उद्बोधन में डॉ. अंबेडकर की जीवन यात्रा की जानकारी देते हुए बताया कि कैसे बाबासाहेब संविधान सभा के सदस्य से प्रारूप समिति के अध्यक्ष बने और अत्यंत कठिन परिस्थितियों एवं सीमित संसाधनों के साथ संविधान निर्माण में अपना अमूल्य योगदान दिया। विधि का शासन सर्वश्रेष्ठ शासन होता है और हमारा लोकतंत्र इस बात का प्रमाण है कि इतने बड़े राष्ट्र को सफलतापूर्वक विधि द्वारा शासित किया जा रहा है । उन्होंने बताया कि बाबा साहब द्वारा किये गए कार्यो के सम्मान में छः अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों एवं यूनेस्को में उनकी प्रतिमा स्थापित की गई।
कुलसचिव श्री देवेंद्र राठौड़ ने अपने स्वागत उद्बोधन में अम्बेडकर जी के विचारों को आत्मसात करने की बात कही। विधि विभागाध्यक्ष डॉ संतोष कंवर शेखावत ने संविधान निर्माण में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला साथ ही कहा कि बाबासाहेब ने सामाजिक न्याय समानता और मानवाधिकार की नवीन परिभाषा दी तथा छुआछूत एवं भेदभाव को खत्म कर एक नवीन भारत की संकल्पना प्रस्तुत की। विधि विभाग के विद्यार्थी बैरिसाल सिंह और बिन्दु तंवर ने बाबासाहेब के जीवन पर संक्षिप्त विचार रखे
इस अवसर पर माननीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल एवं कुलगुरु आचार्य मनोज दीक्षित द्वारा बोधि वृक्ष का रोपण किया गया।
डॉ. भीमराव अंबेडकर सेंटर फॉर मार्जिनलाइज्ड सोसाइटीज के निदेशक डॉ. गौतम मेघवंशी ने कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों का आभार प्रकट किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रभुदान चारण ने किया।
























