बीकानेर जेल में विचाराधीन बंदी को कपड़े देने पहुंचा मुलाकाती लोवर की सिलाई में 59 नशीली गोलियां छिपाकर ले गया। जेल के मेन गेट पर आरएसी के जवानों ने चेकिंग में नशीली गोलियां बरामद कर लीं। पुलिस ने उसे जांच के लिए एफएसएल भेजा जहां से मिली रिपोर्ट में नशीली गोलियां बताई गई हैं।
पंजाब का होशियारपुर निवासी विचाराधीन बंदी जसवीरसिंह उर्फ मोमी उर्फ बॉस एक अगस्त, 24 को बीकानेर जेल में एनडीपीएस के मामले में बंद था। एक अगस्त, 24 को पंजाब में मोगा निवासी जोरासिंह जेल में जसवीरसिंह से मिलने और उसे कपड़े देने पहुंचा था। दो लोवर की सिलाई में उसने 59 गोलियां छिपा रखी थी जो बंदी जसवीर तक पहुंचानी थी। जेल के मेन गेट पर आरएसी के कांस्टेबल बुधराम ने चेकिंग की और दोनों लोवर की सिलाई में शक होने पर तलाशी ली तो उसमें से 59 गोलियां बरामद हुईं। पुलिस ने गोलियां और लोवर जब्त कर लिए। गोलियों को जांच के लिए एफएसएल को भेजा गया था। एफएसएल ने जांच में गोलियों को नशीली बताया है। उसके बाद बीछवाल थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस में मुकदमा दर्ज किया है।
























