बीकानेर। शहर के मुख्य डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार डाकघर को ई-मेल के जरिए धमकी भरा संदेश भेजा गया, जिसमें ब्लास्ट करने की चेतावनी देते हुए पासपोर्ट/पोस्टल ऑफिस को निशाना बनाने की बात लिखी गई थी। धमकी मिलने के बाद एहतियात के तौर पर मुख्य डाकघर में मौजूद सभी कर्मचारियों को तुरंत बाहर निकाल दिया गया। सूचना मिलते ही कोटगेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसएचओ धीरेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ पहुंचे और पूरे परिसर की सघन जांच शुरू करवाई।
पुलिस ने मामले की जानकारी सुरक्षा एजेंसियों को भी दे दी है और ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इससे पहले भी बीकानेर कोर्ट को इसी तरह का धमकी भरा ई-मेल मिला था, जो बाद में अफवाह साबित हुआ था। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।






















