बीकानेर। श्रीकोलायत थाना क्षेत्र में देर रात हुए सड़क हादसे में पैदल जा रहे एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार बिठनोक निवासी मांजू खां पुत्र अगरे खां देर रात पैदल जा रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार युवक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि मांजू खां की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही श्रीकोलायत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पीबीएम अस्पताल, बीकानेर की मोर्चरी में रखवाया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। थानाधिकारी जसवीर कुमार ने बताया कि मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।





















