खाजूवाला। खाजूवाला थाना क्षेत्र में एक अज्ञात ट्रैक्टर-रेहड़ा चालक की लापरवाही से 16 वर्षीय छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार 14 केजेडी निवासी सोहनलाल पुत्र आसुराम नायक ने खाजूवाला पुलिस थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 11 फरवरी को उनकी 16 वर्षीय दोहती प्रवीना जो खाजूवाला स्कूल में अध्ययनरत है, दोपहर करीब एक बजे छुट्टी के बाद स्कूटी से घर लौट रही थी।
बीकानेर रोड पर विनायक पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे ट्रैक्टर-रेहड़ा ने अचानक कट मार दिया। इससे स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और ट्रैक्टर-रेहड़ा छात्रा के ऊपर से निकल गया। हादसे में छात्रा के जबड़े और सिर सहित शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। राहगीरों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए बीकानेर रेफर किया गया। परिजनों का आरोप है कि चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस अज्ञात चालक की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।
























