बीकानेर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो,राजस्थान ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पंचायत राज विभाग के एक कनिष्ठ सहायक के पांच ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया है। इस कार्रवाई में करीब 75 लाख रुपये नकद, किलो के हिसाब से सोना-चांदी, कई आलीशान मकान और कृषि भूमि का खुलासा हुआ है।
जयपुर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, आरोपी शुभकरण परिहार (छींपा), जो वर्तमान में ग्राम पंचायत उदट, पंचायत समिति बाप, जिला फलोदी में कनिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत है, के खिलाफ आय से 938 प्रतिशत अधिक अवैध संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया गया है। गोपनीय शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने सक्षम न्यायालय से तलाशी वारंट लेकर शुक्रवार अलसुबह बीकानेर शहर समेत पांच स्थानों पर एक साथ छापेमारी की।
एसीबी टीमों ने बीकानेर के जयनारायण व्यास कॉलोनी, मातेश्वरी एन्कलेव (वैष्णोधाम के सामने), गंगाशहर स्थित बागीनाडा क्षेत्र, आरोपी के पैतृक गांव पुनरासर और उसके पदस्थापन स्थल कानासर में सर्च अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान मातेश्वरी एन्कलेव स्थित मकान से करीब 75 लाख रुपये नकद बरामद हुए। इसके अलावा बीकानेर के दो ठिकानों से एक किलो से अधिक सोना और करीब दो किलो चांदी भी मिली है।जांच में सामने आया है कि आरोपी के बीकानेर शहर में तीन आलीशान मकान और गांव पुनरासर में एक भव्य मकान है। साथ ही उसके नाम करीब 17 हेक्टेयर कृषि भूमि भी पाई गई है। एसीबी के वरिष्ठ अधिकारियों के सुपरविजन में विभिन्न स्थानों पर सर्च कार्रवाई जारी है और मामले में आगे की जांच की जा रही है। एसीबी अधिकारियों के अनुसार, आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के इस मामले में बरामद दस्तावेजों और संपत्तियों का मूल्यांकन कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

























