बीकानेर। एसपी कावेन्द्र सिंह सागर ने कहा है कि जिले में कानून व्यवस्था से जुड़ी सूचनाओं को गंभीरता लें। शांति और सौहार्द के माहौल पर विशेष ध्यान दिया जाए। माहौल बिगाडऩे वाले तत्वों पर निगरानी रखें और उन पर सख्ती बरतें।एसपी ने शनिवार को सदर पुलिस थाने के सभागार में जिले के पुलिस अधिकारियों की क्राइम मीटिंग ली। उन्होंने थानों में लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण करने और अपराधिक वारदातों की रोकथाम के लिये कड़े निर्देश दिए। एसपी ने हिदायत दी कि खेजड़ी काटने की घटनाओं की रोकथाम के लिये गंभीरता से प्रयास किए जाएं। पिछले महीने हुए अपराधों की समीक्षा की और लंबित मामलों के जल्द समाधान के निर्देश दिए। सूचना तंत्र को सुदृढ़ करने और संगठित अपराधों जैसे अवैध मादक पदार्थ, अवैध हथियार, अवैध शराब की तस्करी, अवैध खनन, पेशेवर अपराधियों और माफियाओं पर नकेल कसने के भी निर्देश दिए। मिटिंग में एएसपी ग्रामीण बनवारीलाल मीणा, सीओ सदर आईपीएस अनुष्ठा कालिया सहित जिले के सीओ और शहरी थानों के एसएचओ मौजूद थे।
BC
























