बीकानेर। कोटगेट थाना पुलिस ने जमीनी विवाद से जुड़े एक चार माह पुराने मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह मामला मार्च माह में दर्ज हुआ था, जिसमें जमीन पर अवैध निर्माण को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद उत्पन्न हुआ था।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित पक्ष ने रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए बताया था कि उनके पूर्वजों की जमीन पर पड़ोसियों द्वारा अवैध निर्माण किया जा रहा था। जब उन्होंने इस निर्माण का विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। विवाद की सूचना मिलने पर नगर विकास न्यास (यूआईटी) की टीम मौके पर पहुँची और निर्माण कार्य रुकवाया। इसके बावजूद आरोपियों ने कुछ दिनों बाद दोबारा निर्माण कार्य शुरू कर दिया।
इस पर जब पीड़ित पक्ष ने आपत्ति जताई तो उन पर हमला कर दिया गया। हमले में पीड़ित के भाई सहित परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए। इसके बाद पुलिस में मामला दर्ज किया गया था।
करीब चार माह से चल रही जांच के बाद पुलिस ने इस मामले में वांछित चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों से गहन पूछताछ की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।

























