बीकानेर। वित्तीय वर्ष की समाप्ति नजदीक आते ही नगर निगम ने बकाया नगरीय विकास टैक्स की वसूली को लेकर सख्त रुख अपना लिया है। बकायदारों को नोटिस भेजने के बाद अब अंतिम नोटिस जारी किए जा रहे हैं। इसके बावजूद टैक्स जमा नहीं करवाने वाले विवाह भवन और मैरिज गार्डन को सीज करने की कार्रवाई की जाएगी।
मिली जानकारी के अनुसार जिन विवाह भवनों और मैरिज गार्डन का यूडी टैक्स बकाया है उन्हें नोटिस जारी किए जा चुके हैं। यदि इसके बाद भी बकाया राशि जमा नहीं कराई गई तो संबंधित परिसरों को सीज किया जाएगा। इसको लेकर नगर निगम ने दो विशेष दलों का गठन किया है।






















