बीकानेर।आईजी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चावल के कट्टों के बीच अवैध शराब जब्त की है। यह कार्रवाई आईजी हेमंत शर्मा के निर्देशों पर स्पेशल टीम के प्रभारी संदीप पूनिया के नेतृत्व में की गयी है। पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर चुरू के रतननगर में यह कार्रवाई की है।
पुलिस टीम ने चावल के कट्टों के बीच बेहद चालाकी से छिपाकर ले जाई जा रही शराब की खेप पकड़ी और दो अंतरराज्यीय तस्करों को धर दबोचा। टीम प्रभारी संदीप पूनिया ने बताया कि आरोपी राजेश उर्फ कालू और सुमित उर्फ सूरज को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से ट्रक-ट्रेलर जब्त किया गया। तलाशी के दौरान ट्रक से 80 कार्टन अवैध शराब बरामद हुई, जिनमें 30 कार्टन आइकोनिक व्हाइट और 50 कार्टन रॉयल स्टेज ब्रांड शामिल हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में अंतरराज्यीय स्तर पर तस्करी के संकेत मिले हैं। इस सफल कार्रवाई में रेंज स्पेशल टीम के उपनिरीक्षक फरमान खान, विमलेश कुमार, नानूराम (तकनीकी) तथा कांस्टेबल नरेश, भीवाराम, शिव (ड्राइवर), रविंद्र सिंह और बाबूलाल का सराहनीय योगदान रहा।























