बीकानेर। पिछले काफी समय से बीकानेर में नशीले पदार्थों की बिक्री बड़े स्तर पर हो रही है पुलिस की लाख कोशिश के बाद भी तस्करों के हौसले इतने बुलंद है कि वो रोजाना अफीम एमडी की सप्लाई करते रहते है। इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि बीकानेर के बज्जू के रणजीतपुरा थाना इलाके में एक खेत में अफीम की खेती की जा रही है।
रणजीतपुरा थानाधिकारी चंद्रजीत सिंह ने मुखबिर की सूचना पर एक्शन लेते हुए अफीम की खेती पकड़ी है। चंद्रजीत सिंह के अनुसार रणजीतपुरा के चक 11 केएचडी में अफीम की खेती होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर दबिश दी तो गेहूं के पौधों की आड़ में अफीम के पौधे लगाए हुए मिले। मौके पर अफीम के 938 पौधे मिले। सभी पौधों को पुलिस ने उखाडक़र जब्त कर लिया। पौधों का वजन करीब 16 किलो बताया जा रहा है। यह खेती लिखमाराम मेघवाल कर रहा था। पुलिस के अनुसार खेत लिखमाराम के पिता के नाम से है, जबकि खेती लिखमाराम ही करता है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच बज्जू थानाधिकारी जगदीश प्रसाद पांडर की दी गई है।
























