देश के प्रधानमंत्री शुक्रवार को गोवा के दौरे पर रहे। इस दौरान पीएम नरेन्द्र मोदी ने सार्ध पंचशतमानोत्सव कार्यक्रम में भाग लिया । इस समारोह में प्रधानमंत्री मोदी ने श्री संस्थान गोकर्ण पर्तगाळी जीवोत्तम मठ के स्थापना के 550 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 550 रुपये मूल्यवर्ग का स्मारक सिक्का जारी किया ।द्वैत परम्परा का पालन करने वाले संस्थान गोकर्ण पर्तगाळी जीवोत्तम मठ को गौड़ सारस्वत ब्राह्मण समुदाय का प्रथम वैष्णव मठ माना जाता है। सिक्कों के जानकार और प्रसिद्ध मुद्राशास्त्री बीकानेर के सुधीर लुणावत के अनुसार यह स्मारक सिक्का भारत सरकार की हैदराबाद टकसाल द्वारा ढाला गया है। सिक्के का कुल वजन 35 ग्राम है, जिसमें 50 प्रतिशत चांदी, 40 प्रतिशत तांबा, तथा 5-5 प्रतिशत जस्ता और निकल का मिश्रण है।सिक्के के एक तरफ श्री संस्थान गोकर्ण पर्तगाळी जीवोत्तम मठ के 550वें वर्ष के उत्सव का प्रतीक चिन्ह अंकित है जिसके नीचे की ओर अंग्रेज़ी में श्री संस्थान गोकर्ण पर्तगाळी जीवोत्तम मठ लिखा होगा। मठ के 550वें वर्ष के प्रतीक चिन्ह में उदयमान सूर्य का अर्धवृत्ताकार चित्र है सूरज के भीतर की परिधि में 24 नमस् व धर्म दंड सहित पर्तगाळी मठ का चित्र है इस लोगो के ऊपर उड़ते हुए हनुमान जी का चित्र भी जिसके बाईं ओर चक्र तथा दाईं ओर शंख अंकित है।सिक्के की ऊपरी परिधि पर हिंदी में तथा निचली परिधि पर अंग्रेजी में “सार्ध पञ्चशतमनोत्सवः” लिखा हुआ है। सिक्के के दूसरी तरफ अशोक स्तंभ (लायन कैपिटल) अंकित है । इसके नीचे रुपये के प्रतीक चिह्न के साथ मूल्यवर्ग 550 लिखा है । अशोक स्तंभ के दाएं और बाएं हिंदी तथा अंग्रेजी में भारत लिखा है। सुधीर के अनुसार यह सिक्का कभी प्रचलन में नहीं आएगा।
आज प्रधानमंत्री द्वारा अनावरण के बाद इसे हैदराबाद टकसाल द्वारा ऑनलाइन बुकिंग के द्वारा बिक्री किया जा रहा है। इसकी कीमत लगभग 5,500 रुपये के आस पास है। सुधीर ने बताया कि इससे पहले भी वर्ष 2019 में गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाशोत्सव पर 550 रुपये। स्मारक सिक्का जारी किया जा चुका है।























