राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 12 फरवरी से शुरू होने वाली परीक्षा के लिए उत्तर पुस्तिकाओं में बड़ा बदलाव किया गया है। बोर्ड परीक्षार्थियों को उत्तर पुस्तिकाओं में इस बार 4-4 पेज कम मिलेंगे। 10वीं की परीक्षा में 20 व 12वीं की परीक्षा की उत्तर पुस्तिका में 28 पेज ही होंगे। इसकी जगह बोर्ड पहली बार परीक्षा में 8 पेज की सप्लीमेंट्री उत्तर पुस्तिका की सुविधा देगा। यदि परीक्षार्थी प्रश्न पत्र हल करते समय मूल उत्तर पुस्तिका का पूरा उपयोग कर लेगा तो उसे सप्लीमेंट्री उत्तर पुस्तिका जारी की जा सकेगी। परीक्षा में पारदर्शिता के लिए पहली बार उत्तर पुस्तिकाओं पर बार कोड की व्यवस्था भी की गई है। सीकर जिले में 1.05 लाख परीक्षार्थी इस बार परीक्षा देंगे।
पहले केंद्राधीक्षक ही देते थे मूल कॉपी
बोर्ड परीक्षा में इससे पहले तक सप्लीमेंट्री उत्तर पुस्तिका का प्रावधान नहीं था। यदि कोई परीक्षार्थी मुख्य उत्तर पुस्तिका पूरी भर चुका होता तो विशेष परिस्थिति में पूरी जांच-पड़ताल के बाद केंद्राधीक्षक की अनुमति से उसे प्रश्न पत्र हल करने के लिए मूल उत्तर पुस्तिका ही दी जाती थी। पर अब यदि ऐसा होता है तो परीक्षा कक्ष में मौजूद वीक्षक ही परीक्षार्थी की आवश्यकता को देखते हुए सप्लीमेंट्री कॉपी जारी कर सकेंगे।























