कोलासर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी महोत्सव विजय उत्सव के अवसर पर कोलासर मंडल द्वारा मंगलवार को कोलासर गांव में भव्य पथ संचालन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कोलासर, मेघासर और बच्छासर के स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में अनुशासन और उत्साह के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 8:31 बजे चामुंडा माता मंदिर परिसर में भारत माता और मां चामुंडा की पूजा-अर्चना से हुआ। इसके बाद संघ के पर्यावरण प्रभारी यादव जी ने प्रेरणादायक उद्बोधन दिया।
कार्यक्रम में भवानीजी जाजड़ा, भवानीजी उपाध्याय, पंडित केशव उपाध्याय, कोलासर शाखा के श्रवण उपाध्याय, पूर्व सरपंच मनीष मेघवाल, विजय पाईवाल, गणपत उपाध्याय, राधे रामाणी, श्री प्रकाश उपाध्याय, रघुवीर उपाध्याय, त्रिलोक पाईवाल सहित अनेक गणमान्य जन एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
पथ संचालन के दौरान स्वयंसेवकों ने अनुशासनपूर्वक पूरे कोलासर गांव के सभी वार्डों में भ्रमण किया। ग्रामवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। सैकड़ों किलो फूलों से हुए इस स्वागत से पूरा गांव संघ के रंग में रंग गया।
कार्यक्रम में कोलासर मंडल से सैकड़ों स्वयंसेवकों ने भाग लिया। यह कोलासर गांव में प्रथम बार आयोजित पथ संचालन था, जिसे देखकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखा गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत और जयघोष के साथ हुआ।

























